“रामू पर अवैध खनन का आरोप! भट्टे की परमिशन की आड़ में रातभर दौड़ रहे डंपर, ग्रामीणों में आक्रोश”

पुरवा। जनपद उन्नाव की पुरवा विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोहरामऊ थाना क्षेत्र की चौपाई चौकी अंतर्गत नया खेड़ा गांव में आरोप है कि रामू नामक व्यक्ति भट्टे की परमिशन की आड़ में खुलेआम प्राइवेट संस्थानों को मिट्टी बेच रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि खनन पूरी तरह वैध है तो फिर रात के अंधेरे में मशीनें और डंपर चलाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

यह पूरा मामला तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि रात में खनन केवल सरकारी कार्यों के लिए ही किया जा सकता है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में देर रात तक मिट्टी खनन और परिवहन जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक मिलीभगत के चलते यह कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रामू पहले भी कई बार भट्टे की परमिशन की आड़ में अवैध खनन कर चुका है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि तहसील प्रशासन ने आखिर कितनी बार यह जांच की कि जितने घन मीटर मिट्टी की अनुमति ली गई, वह वास्तव में भट्टे तक पहुंची या फिर बाहर बेच दी गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में चलने वाले डंपर और मशीनें अधिकारियों की लोकेशन पर रहती हैं, जिससे जांच टीम के पहुंचने से पहले ही वाहन तेज रफ्तार में निकल जाते हैं। लोगों का कहना है कि इस लापरवाही के चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं नया खेड़ा गांव में जिस खेत में खनन किया जा रहा है, उसके आसपास के किसानों ने भी विरोध जताया है। किसानों का कहना है कि गहरे खनन से उनकी जमीन को नुकसान पहुंच रहा है। पहले से ही ओवरलोड वाहनों से सड़कें टूट चुकी हैं और अब किसानों की उपजाऊ भूमि पर भी खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। अब देखना यह होगा कि इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है या फिर अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *