उन्नाव। पुरवा विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह से बंद पड़ा अवैध खनन मंगलवार देर रात करीब 1 बजे फिर शुरू हो गया। मामला गोमापुर का बताया जा रहा है, जहां सोहरामऊ थाना क्षेत्र की चौपई चौकी अंतर्गत गौशाला के पीछे करीब 7 बीघा जमीन पर भारी मात्रा में मिट्टी का अवैध खनन किए जाने के आरोप हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध खनन में राजस्व विभाग, चौकी पुलिस और खनन विभाग के कुछ जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत है। आरोप यह भी है कि इसी कारण खनन माफियाओं पर कार्रवाई नहीं हो रही और राजस्व वसूली से भी बचाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पूर्व में खनन कार्य करने वाला रामू एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रात भर चल रहे डंपर और मशीनों से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से क्षेत्र की सड़कें जर्जर हो रही हैं, जबकि धूल और शोर से बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं।
