उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और अंतरजनपदीय बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान मिट्ठूखेड़ा के पास संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान राजन कश्यप निवासी कानपुर नगर और गुड्डू निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
बताया जा रहा है कि 13 मई को फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में दंपत्ति से तमंचे के बल पर हुई लूट की घटना में दोनों आरोपी शामिल थे। पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में देर रात तक पुलिस की सक्रियता बनी रही। मामले में सीओ सफीपुर सोनम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा की गई कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
