उन्नाव। सोहरामऊ पुलिस ने चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कान्हा ढाबा के पास से गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में रानू निवासी सोहरामऊ, अर्जुन गौतम निवासी हरदोई, रोशन निवासी पलामू (झारखंड) और शारिब खान निवासी वाराणसी शामिल हैं। इनके कब्जे से लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से चोरी हुई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
तलाशी के दौरान रानू और अर्जुन के पास से अवैध तमंचे व कारतूस, जबकि अन्य आरोपियों के पास से कारतूस, लोहे का सब्बल और मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
