उन्नाव: सोहरामऊ में लगातार जारी अवैध खनन, निधानखेड़ा के बाद अब अर्जुनमऊ में फिर सक्रिय हुए खनन माफिया


उन्नाव। जनपद के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में कथित रूप से अवैध खनन का कारोबार लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं को कानून का कोई भय नहीं है और रात-दिन खुलेआम मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से जेसीबी मशीनों के माध्यम से मिट्टी का खनन कर उसे हाईवे स्थित चन्द्रिका ढाबा के सामने स्थित एक निजी संस्थान में डंप कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले में तहसील के संबंधित लेखपाल और सोहरामऊ पुलिस की कथित मिलीभगत के कारण अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दिनों निधानखेड़ा गांव में कथित रूप से अवैध खनन किया गया था। इसके बाद सोमवार को थाना क्षेत्र के अर्जुनमऊ गांव में भी मिट्टी का खनन किया गया और मंगलवार को एक बार फिर उसी गांव में अवैध खनन के लिए डंपर और मशीनें पहुंच गईं। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध खनन लगातार जारी है और संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।


ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि रातभर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले ओवरलोड डंपर कई सड़क हादसों का कारण बन चुके हैं। इन भारी वाहनों से बुजुर्ग, बच्चे और आम राहगीरों की जान जोखिम में बनी रहती है। साथ ही लगातार भारी वाहनों के संचालन से क्षेत्र की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।


स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *