पुरवा विधानसभा में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कमिश्नर से शिकायत की कही बात

उन्नाव जनपद के पुरवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोहरामऊ थाना की चौपई चौकी क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रामू नामक व्यक्ति द्वारा लगातार बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया जा रहा है। नयाखेड़ा गांव के साथ-साथ आसपास के अन्य गांवों में भी रात के अंधेरे में दर्जनों डंपर और मशीनें लगाकर मिट्टी की खुदाई की जा रही है, जिसे बाद में प्राइवेट संस्थानों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि देर रात करीब दो बजे तक खनन का कार्य जारी रहता है, जिससे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागीय अधिकारी पूरे मामले से अनजान बने हुए हैं, जबकि खुलेआम खनन का कार्य लगातार जारी है।

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि जहां अधिकारियों की “सेटिंग” होती है वहां अवैध खनन पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि अन्य स्थानों पर सख्ती दिखाई जाती है। इसी को लेकर अब ग्रामीणों ने लखनऊ मंडल के कमिश्नर विजय विश्वास पंत से शिकायत करने की बात कही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में हो रहे इस खेल पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *