उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट-2025) लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा डॉ. जी. नाथ जी. दयाल बालिका इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने तथा शासन एवं भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
