उन्नाव में अवैध बूचड़खानों और अवैध खनन के खिलाफ किसान यूनियन का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

उन्नाव। जनपद में संचालित अवैध बूचड़खानों और अवैध खनन के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी उन्नाव को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


ज्ञापन में किसान यूनियन ने आरोप लगाया है कि जिले में कुछ बूचड़खाने नियमों की अनदेखी करते हुए संचालित किए जा रहे हैं। संगठन ने इंडाग्रो फूड्स और जेएस इंटरनेशनल फूड्स समेत अन्य बूचड़खानों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


इसके साथ ही संगठन ने जिले में हो रहे कथित अवैध खनन को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही गंगा नदी के पर्यावरण और आसपास के क्षेत्रों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।


भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) ने अपने ज्ञापन में तहसील पुरवा के ग्राम ऊंचगांव सानी में कथित अवैध खनन की भी शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।


संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है तो भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन को इस मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।


हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *