उन्नाव। तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता की कमी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण उसी स्वरूप में किया जाए, जिस स्वरूप में शिकायत प्राप्त हुई है। साथ ही शिकायतकर्ता से संपर्क कर संतुष्टि सुनिश्चित करने और आख्या अपलोड करते समय फोटो संलग्न करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने पैमाइश, कब्जा और अतिक्रमण से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, कृषि समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 232 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
