सम्पूर्ण समाधान दिवस : तहसील सफीपुर में जिलाधिकारी ने सुनी जन समस्याएँ, दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

उन्नाव, 20 सितंबर 2025 (सू.वि.)।
जनपद उन्नाव की तहसील सफीपुर में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश की उपस्थिति में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

शिकायतों पर होगी सख्त निगरानी

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य है। शिकायत का निस्तारण केवल कागजों में न होकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शामिल है, इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें।

राजस्व और अवैध कब्जे से जुड़े मामले प्राथमिकता पर

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि राजस्व संबंधी विवाद, चकरोड पैमाइश तथा अवैध कब्जे की शिकायतों को तुरंत निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय स्तर पर कोई भी शिकायत लंबित न रहे और समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कुल 144 शिकायतें, 11 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से कुल 144 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को जल्द से जल्द हल करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण

समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।

  • 06 कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थी
  • 07 कुम्हारी कला योजना के लाभार्थी
  • 05 मत्स्य पालक

प्रमाणपत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं से जुड़कर लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा पाएंगे।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने वाले लेखपालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और समर्पण ही असली पहचान है। लेखपालों को निर्देश दिया गया कि वे आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

विभागीय स्टालों का निरीक्षण

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना, श्रम विभाग, महिला कल्याण एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और वहां दी जा रही योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ मिले।

तहसील परिसर में नए कक्ष का उद्घाटन

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।

अधिकारीगण रहे मौजूद

सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन में उपजिलाधिकारी सफीपुर शैलेन्द्र, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महाबीर सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र, तहसीलदार सफीपुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *