मिशन शक्ति-5 : महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर 30 दिवसीय अभियान

उन्नाव।
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के दृष्टिगत मिशन शक्ति-5 के अंतर्गत उन्नाव जनपद में आगामी 30 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश की उपस्थिति में आयोजित बैठक में विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “मिशन शक्ति-5 सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएं और कार्यक्रमों का भव्यता के साथ आयोजन सुनिश्चित करें।”

महिला सुरक्षा होगी केंद्र में

डीएम ने बताया कि अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, समाज में सम्मान दिलाना और स्वावलंबन की दिशा में ठोस कदम उठाना है। इस दौरान जिलेभर में अलग-अलग विभागों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
पुलिस विभाग द्वारा मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर एंटी रोमियो स्क्वायड की सघन चेकिंग चलाई जाएगी। वहीं, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम और वीरता दिखाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को जोड़ते हुए प्रभात फेरी, जागरूकता रैलियां और सेल्फ डिफेंस क्लब गठन की जिम्मेदारी दी गई है। बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेज परिसरों में महिला हेल्प डेस्क, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वावलंबन और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हब फॉर वूमेन एंपावरमेंट, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा स्वावलंबन कैंप, कन्या जन्मोत्सव और शक्ति संवाद जैसे आयोजन भी किए जाएंगे।
चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पंचायती राज, नगर विकास और ग्राम विकास विभाग मिलकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता चौपाल और स्वास्थ्य शिविर लगाएंगे।

मेगा इवेंट्स की होगी धूम

इस 30 दिवसीय अभियान में कई भव्य आयोजन भी होंगे जिनमें –

  • साइक्लोथान मेगा इवेंट
  • ड्राइविंग माय ड्रीम्स मेगा इवेंट
  • कन्या पूजन
  • पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस सेशन
  • सेल्फ डिफेंस कार्यशाला
  • ऑपरेशन मुक्ति – हक की बात जिलाधिकारी के साथ
  • रन फॉर एंपावरमेंट (जिला युवा विकास दल द्वारा)

ये कार्यक्रम जनपद के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर जागरूक हो सकें।

इमरजेंसी नंबरों का प्रचार

डीएम ने निर्देश दिया कि महिला सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन नंबरों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। इसके तहत वॉल पेंटिंग और जनसंपर्क माध्यमों से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, यूपी पुलिस की 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस 108 और नजदीकी थानों के नंबर प्रमुख रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे।

अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

बैठक में उपस्थित अधिकारियों से डीएम ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता तभी संभव है जब सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि समाज की जरूरत है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *