उन्नाव : डीएम गौरांग राठी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर बैठक सम्पन्न

उन्नाव जिला निर्वाचन कार्यालय में बुधवार को जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और समय-सारिणी पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के अनुसार तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण का कार्य 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। गणना अवधि 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगी। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुनर्विन्यास 4 दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाएगा। नियंत्रण तालिका अद्यतन एवं प्रारूप सूची तैयारी 5 से 8 दिसंबर 2025 के बीच की जाएगी। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को होगा, जबकि दावे-आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तय की गई है। आपत्तियों की सुनवाई व निस्तारण 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, और अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

डीएम ने बताया कि घर-घर गणना (House to House Enumeration) के दौरान बीएलओ (BLO) बूथ स्तर पर मतदाताओं से सीधे संपर्क कर गणना प्रपत्र भरवाएँगे। बीएलओ गणना प्रपत्र की एक प्रति अपने पास रखेगा और दूसरी निर्वाचक को दी जाएगी। गणना के दौरान किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एच-टू-एच गणना से पहले बीएलओ राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) से बैठक कर उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दें। बीएलए अपने-अपने क्षेत्रों में मसौदा मतदाता सूची का अध्ययन कर आवश्यक सुधारों की पहचान करेंगे। आयोग ने यह व्यवस्था दी है कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए सामूहिक रूप से आवेदन दाखिल कर सकते हैं, लेकिन मसौदा प्रकाशन से पहले एक बीएलए रोज़ाना अधिकतम 50 फॉर्म और प्रकाशन के बाद अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा करेगा।

बीएलए को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वे जिन आवेदन पत्रों को जमा कर रहे हैं, उन्हें व्यक्तिगत रूप से सत्यापित कर चुके हैं। सभी राजनीतिक दलों से कहा गया कि वे अपने बीएलए शीघ्र नियुक्त कर उनकी सूची उपलब्ध कराएँ ताकि उन्हें संबंधित बीएलओ को सूचित किया जा सके।

जिन निर्वाचकों के गणना प्रपत्र वापस नहीं आए हैं, उनके संबंध में बीएलओ आसपास के मतदाताओं से जानकारी लेकर यह निर्धारित करेंगे कि व्यक्ति अनुपस्थित है, स्थानांतरित हो गया है या मृत्यु हो चुकी है। ऐसे नामों की सूची पंचायत भवन, नगर निकाय कार्यालय या ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शित की जाएगी, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी इन सूचियों को अपनी वेबसाइट पर भी प्रकाशित करेंगे।

डीएम गौरांग राठी ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग या असुरक्षित वर्ग के मतदाताओं के साथ कोई असुविधा या उत्पीड़न न हो। उन्हें अधिकतम सहायता और सहयोग दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर स्वयंसेवकों की तैनाती भी की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सुशील कुमार गोंड़, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (सदर) उन्नाव, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से श्री दिनेश गुप्ता (भारतीय जनता पार्टी), श्री हेमंत कुमार पाल व श्री छोटेलाल (समाजवादी पार्टी), श्री मूलचंद लोधी (बहुजन समाज पार्टी), श्री सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, सैयद सागर, और अजय गौतम (कांग्रेस) सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *