बरात में जा रहे चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत… तेज रफ्तार ने छीन ली जिंदगी

Unnao। जनपद उन्नाव में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना थाना दही क्षेत्र अंतर्गत बिछिया ब्लॉक के पास दारोगा खेड़ा/गौरा मोड़ के पास की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल (UP 35 BV 2070) सवार तीन युवक बरात में शामिल होने के लिए जगवा गांव जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

इस हादसे में बब्लू (28) पुत्र स्व. राजारामसुशील (30) पुत्र स्व. गुल्लू, दोनों निवासी खटाई थाना कोतवाली उन्नाव की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में चचेरे भाई थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सुशील के एक बेटा और एक बेटी है, जबकि बब्लू के परिवार में भी जिम्मेदारियां थीं।

वहीं हादसे में घायल पिंटू (32) पुत्र गुल्लू, निवासी खटाई को गंभीर हालत में उपचार के लिए भेजा गया है। उसके भी दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली पिकअप को पुलिस ने पकड़ लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार बढ़ रहे हादसे

उन्नाव में आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं, जो कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की जरूरत को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *