उन्नाव जनपद के पुरवा विधानसभा क्षेत्र के सोहरामऊ थाना अंतर्गत की चौपई चौकी क्षेत्र के ग्राम में एक बार फिर भारी मात्रा में अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात से लेकर सुबह तक लगातार जेसीबी और डंफरों के माध्यम से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों 4PM चैनल में खबर प्रसारित होने के बाद उन्नाव खनन अधिकारी मनीष यादव द्वारा इसी गांव में अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों को सीज कराया गया था, जो आज भी सोहरामऊ थाना परिसर में खड़ी बताई जा रही हैं। इसके बावजूद खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि रामू नामक व्यक्ति द्वारा दोबारा करीब 4 जेसीबी और दो दर्जन डंफर लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक रात लगभग 12 बजे से सुबह 9 बजे तक लगातार मिट्टी खनन का कार्य चलता है। दिनदहाड़े हो रहे इस अवैध खनन से प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मशीनें और डंफर चलने के बावजूद प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही।
क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरणीय नुकसान भी बढ़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
