उन्नाव। जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सवारियों को लेकर जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे।
घटना में करीब 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हसनगंज कोतवाली पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसा हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ है। फिलहाल बस पलटने के कारणों की जांच की जा रही है।
