उन्नाव जनपद के नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धन्नी खेड़ा (पोस्ट असोहा) में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चतुर्थ भुइया माता जी का विशाल मेला भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 5 मई 2026, दिन मंगलवार को संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन समिति के तत्वावधान में मेले को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मेले के अंतर्गत अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ 4 मई 2026 (सोमवार) को किया जाएगा, जिसका समापन अगले दिन 5 मई को होगा। समापन अवसर पर भंडारे एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन रहेगा।
आयोजकों द्वारा बताया गया कि मेले में आने वाले दुकानदारों को बिजली व खाने की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे मेले में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से क्षेत्र के गणमान्य लोग व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के संरक्षक दीपक यादव (एडवोकेट) हैं, जबकि स्वागताध्यक्ष योगेश कुमार यादव (टिंकू प्रधान), निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य, नवाबगंज तृतीय द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।
मेले के आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों द्वारा तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर माता के दर्शन करने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
