
उन्नाव। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुरवा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। वायरल संदेश में दावा किया गया है कि ओम जी गुप्ता नामक व्यक्ति द्वारा प्राइवेट दुकान के माध्यम से मनमाने दामों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वायरल हो रहे संदेश में यह भी कहा गया है कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को 4000 रुपये तक लेकर तत्काल सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि आम लोग एजेंसियों पर लाइन में लगकर परेशान होते हैं। संदेश में यह सवाल भी उठाया गया है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर कहां से आ रहे हैं और इनके वितरण का स्रोत क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस संदेश को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। हालांकि वायरल दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है तो यह आम जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सरकारी व्यवस्था पर जनता का भरोसा कायम रह सके।
