लखनऊ पुलिस लाइन में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई

लखनऊ। ड्यूटी लगाने में रुपये लेने के आरोपों से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक गणना कार्यालय में तैनात एक दरोगा, एक हेड कांस्टेबल समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को हटाकर उनकी जगह नए कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण ने पुलिस महकमे से लेकर गृह विभाग तक हड़कंप मचा दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की गई, जिसमें निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन का पर्यवेक्षण करने वाले अधिकारियों को शामिल नहीं किया गया।

वहीं शिकायत करने वाले सिपाही सुनील कुमार शुक्ला का आरोप है कि पुलिस लाइन में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर वह लगातार फेसबुक के माध्यम से आवाज उठा रहे थे, लेकिन अब उनकी फेसबुक आईडी ब्लॉक कर दी गई है। सिपाही का कहना है कि उनकी आवाज दबाने के लिए यह कार्रवाई कराई गई है।

फिलहाल विभागीय जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *