बांगरमऊ तहसील में बवाल: अधिवक्ता से मारपीट के आरोप में लेखपाल निलंबित, तहसील परिसर बना रणक्षेत्र

उन्नाव जनपद की बांगरमऊ तहसील शनिवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गई जब वरासत दर्ज करने और कथित रिश्वतखोरी के आरोप को लेकर एक लेखपाल और अधिवक्ता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और लेखपालों के बीच जमकर तनातनी हुई और दोनों पक्ष धरने पर बैठ गए। देर शाम तक तहसील परिसर में भारी गहमागहमी का माहौल बना रहा।

मामले में न्यायिक अपर जिलाधिकारी अमिताभ ने जानकारी देते हुए बताया कि विरोध प्रदर्शन और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वरासत दर्ज करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

तहसील के अधिवक्ता सुरभ श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि बल्लापुर क्षेत्र में तैनात लेखपाल मर्दन सिंह, जो कि रिटायर्ड फौजी भी बताए जा रहे हैं, ने एक वरासत दर्ज करने के एवज में पहले ही 10 हजार रुपये ले लिए थे। आरोप है कि वरासत दर्ज होने के बाद उसमें कुछ त्रुटि रह गई, जिसे सुधारने के लिए लेखपाल ने अतिरिक्त 5 हजार रुपये की मांग कर दी।

अधिवक्ता के अनुसार जब उन्होंने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया और कहा कि गलती उनकी नहीं है, तो लेखपाल भड़क गया। आरोप है कि लेखपाल ने अधिवक्ता को अपने कमरे में बुलाकर उनके साथ अभद्रता की और थप्पड़ मार दिए।

घटना के बाद तहसील में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ता बड़ी संख्या में लेखपाल कक्ष की ओर पहुंच गए। हालांकि, तब तक आरोपी लेखपाल मौके से फरार हो चुका था।

घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। वहीं लेखपाल संघ भी तहसील सभागार में धरने पर बैठ गया। देखते ही देखते पूरा तहसील परिसर दो गुटों में बंट गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

एसडीएम ने गठित की जांच कमेटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी बांगरमऊ ने तत्काल जांच कमेटी गठित कर दी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी लेखपाल मर्दन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

घटना के बाद तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *