उन्नाव में माटीकला से जुड़े उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला टूल-किट्स वितरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाभार्थियों को 03 पगमिल मशीन वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह योजना मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत चलाई जा रही है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक वित्तपोषित एवं संचालित इकाइयों के ऐसे उद्यमी, जिन्होंने न्यूनतम से लेकर 5 लाख रुपये तक का ऋण लिया है, आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक लाभार्थी माटीकला बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर 30 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता, मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और अनुभव प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा करने होंगे।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि लाभार्थियों का चयन समिति द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
