उन्नाव में स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन देखने को मिला। प्रशासन द्वारा पार्टी के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव को हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमता नजर नहीं आया उन्नाव में स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन देखने को मिला। प्रशासन द्वारा पार्टी के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव को हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमता नजर नहीं आया।
प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत पार्टी पदाधिकारियों ने जिला विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव ने हाउस अरेस्ट के बीच तीखी प्रतिक्रिया देते हुए स्मार्ट मीटर को “स्मार्ट चीटर” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना जनता के आर्थिक शोषण का माध्यम बन चुकी है। उनका कहना है कि रिचार्ज के बावजूद घंटों बिजली बहाल नहीं होती, गलत बिलिंग की शिकायतें आम हैं और उपभोक्ताओं पर जबरन प्रीपेड मीटर थोपे जा रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल महासचिव शैलेंद्र उपाध्याय, नगर अध्यक्ष मानसिंह, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र बाजपेई, पंकज सेठ, दीपक राजपूत, दीपू कुमार, यूथ विंग जिलाध्यक्ष भानु प्रकाश, यूथ विंग महासचिव नीलम और आशा सहित अन्य पदाधिकारियों ने एक स्वर में सरकार पर “डिजिटल लूट” का आरोप लगाया।

ज्ञापन में ₹20,000 करोड़ के स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट में संभावित घोटाले की जांच, गलत बिलिंग से प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत और किसानों पर लगाए जा रहे 4G स्मार्ट मीटर की समीक्षा की मांग की गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस व्यवस्था से आम नागरिकों के साथ-साथ किसान भी परेशान हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या स्थिति को और गंभीर बना रही है।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विरोध केवल बिजली का मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई बन चुका है।
