
उन्नाव, 4 अगस्त। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले होमगार्ड स्वयंसेवक हरिशंकर के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उनकी पत्नी श्रीमती गुड़िया देवी को ₹30 लाख की बीमा एवं अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा।
कार्यक्रम में जिला कमांडेंट होमगार्ड धर्मेंद्र विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि यह सहायता राशि उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत होमगार्ड विभाग और एचडीएफसी बैंक के बीच हुए समझौते के अनुसार सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन परिवार के साथ हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिवंगत होमगार्ड हरिशंकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ जीवन को याद किया।
जिला कमांडेंट धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि इसके अतिरिक्त होमगार्ड मुख्यालय से ₹5 लाख की अनुग्रह सहायता दिलाए जाने के लिए प्रस्ताव भी भेज दिया गया है, जिससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सके।
इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक, टकी नगर शाखा के शाखा प्रबंधक संदीप शर्मा, रमेश वर्मा (एडीसी), गजराज सिंह (पीसीपी), दीपक सिंह (कंपनी इंचार्ज) सहित होमगार्ड विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
