चेकिंग के दौरान तस्करों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में रफीक के पैर में लगी गोली

एनकाउंटर के बाद घायल आरोपी को अस्पताल ले जाती पुलिस
उन्नाव।
जनपद उन्नाव में पुलिस और गोवंश तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी रफीक के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मौके से एक अन्य आरोपी मनमोहन यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी आवारा घूम रहे गोवंश को पकड़कर उनकी तस्करी करते थे। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी रफीक के खिलाफ लखनऊ और उन्नाव में करीब 10 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। यह पूरी घटना असोहा थाना क्षेत्र के चंदन खेड़ा पुल के पास की बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
