अमेठी।
लोकसभा चुनाव 2024 में अमेठी संसदीय सीट से पराजय के बाद पहली बार पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की तेजतर्रार नेत्री स्मृति जुबिन ईरानी कल अमेठी के दौरे पर रहेंगी। उनके इस दौरे को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। स्मृति ईरानी की वापसी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है, वहीं विपक्षी खेमे में भी हलचल देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्मृति ईरानी नई दिल्ली से लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट पर विमान से पहुंचेंगी। इसके बाद वह सड़क मार्ग से हैदरगढ़ व इन्हौना होते हुए अमेठी जनपद के मुख्यालय गौरीगंज स्थित मवई गांव में बने अपने निजी आवास पर पहुंचेंगी। यहाँ वे भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी तथा पार्टी की वर्तमान स्थिति व भावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
दोपहर 3 बजे स्मृति ईरानी श्री रणंजय इंटर कॉलेज, जामो रोड, गौरीगंज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। माना जा रहा है कि इस जनसभा के माध्यम से वे न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगी बल्कि आगामी राजनीतिक दिशा की झलक भी देंगी।
स्मृति ईरानी के इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता न केवल स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं, बल्कि पूरे जनपद में एक राजनीतिक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बन गया है। वहीं, भीषण गर्मी के बीच सियासी तापमान भी तेजी से चढ़ता नजर आ रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अमेठी की राजनीति में यह दौरा आने वाले समय में भाजपा की रणनीति और विपक्ष की प्रतिक्रिया—दोनों के लिए नई दिशा तय कर सकता है।